टिहरी , जुलाई, 26 -- त्तराखंड में टिहरी पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए रविवार को अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। कोतवाली चम्बा पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर दो चोरी की कारें, एक चोरी की मोटरसाइकिल तथा वारदात में प्रयुक्त एक अन्य मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में उत्तरकाशी और देहरादून में हुई अन्य वाहन चोरी की वारदातों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में वाहन चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 25 जुलाई को कुमाल्डा बैरियर और सत्यों रोड पर सघन वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध मारुति-800 कार पुलिस बैरियर से पहले ही वापस मुड़ने लगी। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान कार में एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान विकासनगर निवासी सगे भाई अंकित और दीपक कुमार के रूप में बताई। जांच में सामने आया कि बरामद मारुति-800 कार चम्बा क्षेत्र से तथा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल उत्तरकाशी के पुरोला क्षेत्र से चोरी की गई थी।
सख्ती से पूछताछ में दोनों आरोपियों ने रौसलीखाल-काणाताल क्षेत्र से एक कार और डामटा क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके अलावा उन्होंने ठांगधार-काणाताल क्षेत्र से चोरी की गई एक अन्य मारुति-800 कार को सत्यों रोड के जंगल में छिपाकर रखने की जानकारी दी। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर उक्त कार और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित