टिहरी , मई 28 -- उत्तराखंड के टिहरी में गुरुवार को चारधाम यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं से भरे एक टेंपो ट्रैवलर में अचानक धुआं उठने और आग लगने की स्थिति बनने पर पुलिस की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस टीम ने सूझबूझ का परिचय देते हुए वाहन को तुरंत रुकवाकर सभी 26 श्रद्धालुओं को सकुशल बाहर निकाल लिया तथा आग पर काबू पाकर वाहन को पूरी तरह जलने से बचा लिया।
जानकारी के अनुसार प्रयागराज से चारधाम यात्रा पर निकला टेंपो ट्रैवलर आज शाम करीब पांच बजे ऋषिकेश से आगे के लिए रवाना हुआ था। वाहन में कुल 26 श्रद्धालु सवार थे।
बताया गया कि लगातार पहाड़ी मार्ग पर वाहन संचालन के चलते वाहन के ब्रेक अत्यधिक गर्म हो गए जिससे ब्रेक ड्रम से धुआं निकलने लगा और आग लगने जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। इसी दौरान पुलिस चौकी जाजल चेक पोस्ट पर तैनात पुलिसकर्मियों की नजर वाहन से निकल रहे धुएं पर पड़ी।
पुलिस टीम ने तत्काल वाहन को रुकवाया और बिना समय गंवाए सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की, जिससे वाहन को पूरी तरह जलने से बचा लिया गया।
घटना के दौरान सभी श्रद्धालु सुरक्षित रहे। यात्रियों और वाहन चालक ने उत्तराखंड पुलिस की मुस्तैदी, मानवता और सहायता भाव की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित