टिहरी , मई 01 -- उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जनपद में पुलिस की मुस्तैदी एक बार फिर जीवन रक्षक साबित हुई। शुक्रवार तड़के देवप्रयाग-कीर्तिनगर मार्ग पर हुए सड़क हादसे में पिकअप चालक वाहन के अंदर फंस गया, जिसे टिहरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार तड़के डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि एक सीमेंट टैंकर (बलकर) और महिंद्रा पिकअप वाहन के बीच टक्कर हो गई है। सूचना मिलते ही चौकी भल्लेगांव से पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
घटनास्थल पर पिकअप आगे से बुरी तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में मोड़ पर खड़ी मिली, जबकि एक सीमेंट टैंकर कुछ दूरी पर ऋषिकेश की ओर खड़ा था। पिकअप चालक वकील पुत्र मोहम्मद उमर (50 वर्ष), निवासी डढेरा फाटक, रुड़की, वाहन के अंदर फंसा हुआ था।
पुलिस टीम ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए अन्य वाहन की सहायता से पिकअप की खिड़की को खींचकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद घायल को प्राथमिक उपचार देते हुए 112 एम्बुलेंस के माध्यम से श्रीनगर स्थित राजकीय चिकित्सालय भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिकअप वाहन सब्जियां लेकर ज्वालापुर से गुप्तकाशी की ओर जा रहा था, जबकि सीमेंट टैंकर कर्णप्रयाग से ऋषिकेश की ओर आ रहा था।
टिहरी पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से एक व्यक्ति की जान बची। स्थानीय नागरिकों ने भी पुलिस टीम के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित