टिहरी , अक्टूबर 25 -- उत्तराखंड के टिहरी में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ''ऑपरेशन प्रहार'' के तहत देवप्रयाग पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 20 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जब्त किया गया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 1,36,800 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार कल देर शाम देवप्रयाग पुलिस टीम तीन धारा डंपिंग जोन के पास संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर एक वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई। इस दौरान वाहन से 20 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
मौके से पुलिस ने कार चालक टीकम सिंह (23), पुत्र धन सिंह, निवासी शेरपुर, थाना किरतपुर, जनपद बिजनौर, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध कोतवाली देवप्रयाग में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित