टिहरी , जुलाई 27 -- कांवड़ मेला-2026 को सकुशल, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए टिहरी पुलिस ने सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्वेता चौबे के निर्देशन में मुनि की रेती क्षेत्र में सोमवार को पुलिस और आईटीबीपी के जवानों ने संयुक्त फ्लैग मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं कांवड़ ड्यूटी में तैनात रिक्रूट आरक्षियों की जीरो परेड आयोजित कर उन्हें भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और श्रद्धालुओं के साथ व्यवहार संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर सुरेंद्र सिंह भंडारी के नेतृत्व में निकाला गया फ्लैग मार्च शीशम झाड़ी, कैलाश गेट, मधुबन तिराहा, तपोवन और लक्ष्मण झूला रोड सहित प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। फ्लैग मार्च का उद्देश्य कांवड़ यात्रियों और स्थानीय लोगों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाना तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की मुस्तैदी का संदेश देना था।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं से कांवड़ मेले को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की। उन्होंने यातायात नियमों का पालन करने, सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण न करने, किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा अफवाहों और सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं से बचने का आग्रह किया।
जीरो परेड में रिक्रूट आरक्षियों को ड्यूटी के दौरान अनुशासन, भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों का पालन तथा श्रद्धालुओं के प्रति विनम्र एवं संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
फ्लैग मार्च में प्रभारी निरीक्षक मुनि की रेती प्रदीप चौहान, वरिष्ठ उपनिरीक्षक योगेश चंद्र पांडेय, विभिन्न चौकियों के प्रभारी, थाना मुनि की रेती का पुलिस बल तथा आईटीबीपी के अधिकारी एवं जवान शामिल रहे।
एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि कांवड़ मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात व्यवस्था और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना टिहरी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से पुलिस-प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन कर सुरक्षित एवं व्यवस्थित कांवड़ यात्रा के संचालन में सहयोग करने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित