टिहरी , अगस्त, 14 -- हर घर तिरंगा अभियान-2026 को सफल बनाने और जन-जन में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से शुक्रवार को टिहरी झील में अनूठी तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों, बोटिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों और अन्य लोगों ने नावों पर सवार होकर उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कोटी कॉलोनी स्थित बोटिंग प्वाइंट से शुरू हुई तिरंगा यात्रा में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने स्वयं तिरंगा हाथ में लेकर नाव पर सवार होकर झील के मध्य तक यात्रा की। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी का संदेश दिया।

टिहरी झील की लहरों के बीच एक साथ कई नावों पर लहराते तिरंगे आकर्षण का केंद्र रहे।

हाथों में तिरंगा थामे प्रतिभागियों ने 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम्' के जयघोष किये, जिससे पूरी झील देशभक्ति के नारों से गूंज उठी। झील के विशाल जल क्षेत्र में लहराते तिरंगों का दृश्य बेहद मनमोहक और रोमांचकारी नजर आया।

टिहरी झील में आयोजित इस अनूठी यात्रा ने हर घर तिरंगा अभियान को यादगार स्वरूप प्रदान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित