टिहरी, अप्रैल 09 -- भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) द्वारा टिहरी झील में आयोजित 25वीं अखिल भारतीय पुलिस जलक्रीड़ा प्रतियोगिता के दूसरे दिन भी खिलाड़ियों में उत्साह और प्रतिस्पर्धा चरम पर रही। देशभर से आए विभिन्न पुलिस बलों के खिलाड़ियों ने अलग-अलग स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी दक्षता और टीम भावना का परिचय दिया। प्रतियोगिता स्थल पर रोमांचक मुकाबलों के साथ खेल भावना का भी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला।
गुरुवार को कार्यक्रम में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि जलक्रीड़ा न केवल शारीरिक क्षमता और साहस को बढ़ाती है, बल्कि आपदा प्रबंधन के दौरान भी अत्यंत उपयोगी सिद्ध होती है। उन्होंने विभिन्न पुलिस बलों के जवानों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कौशल आपात परिस्थितियों में जीवन और संपत्ति की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर उत्तराखंड खेल विकास बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप बुटोला भी मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित