नयी टिहरी , मार्च 06 -- उत्तराखंड में टिहरी झील महोत्सव -2026 के अंतर्गत आयोजित जनरल के.एम. करियप्पा फुटबॉल टूर्नामेंट का शुक्रवार को नयी टिहरी में भव्य आगाज हुआ। टूर्नामेंट में प्रतिभाग करने वाली 16 टीमों के खिलाड़ियों ने पडियार हाउस (नियर डाइजर) से बौराड़ी स्टेडियम तक आकर्षक मार्च पास्ट निकाला।
मार्च पास्ट का शुभारंभ जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने किया। इस अवसर पर नगर पालिका टिहरी के अध्यक्ष मोहन रावत भी मौजूद रहे। खिलाड़ियों के उत्साह और जोश से पूरे क्षेत्र में खेलों का उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
बौराड़ी स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय/राज्य स्तरीय इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में कुल 16 टीमें भाग ले रही हैं। इनमें ओल्ड स्टार टिहरी, टिहरी यंग, नॉर्थ कमांड, आईआईएमटी मेरठ, 13 गढ़वाल राइफल, 16 गढ़वाल राइफल, पिथौरागढ़ एफसी, हरियाणा सिटी एफसी, आरआरएफसी रुद्रप्रयाग, नोएडा एफसी, दून वारियर्स एफसी, यंग स्टार देहरादून, कोटद्वार एफसी, दिल्ली पुलिस, गढ़वाल हीरोज दिल्ली तथा सम्राट स्पोर्ट्स की टीमें शामिल हैं।
इस मौके पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने सभी टीमों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि करियप्पा फुटबॉल टूर्नामेंट की शुरुआत वर्ष 1951 में पुरानी टिहरी से हुई थी और अब इसे हर वर्ष नई टिहरी में भी आयोजित किया जाएगा। उन्होंने खिलाड़ियों से अपील की कि वे यहां के प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लें और टिहरी की यादगार स्मृतियां अपने साथ लेकर जाएं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित