टिहरी , दिसंबर 16 -- उत्तराखंड में टिहरी झील महोत्सव के आयोजन को लेकर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जिला टिहरी गढ़वाल के टूर ऑपरेटरों के साथ मंगलवार को बैठक आयोजित की गई। बैठक में शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने और टिहरी को साहसिक एवं अनुभवात्मक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने पर विस्तार से चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा उत्तराखण्ड में पर्यटन को विशेष महत्व दिया गया है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार टिहरी जिले में शीतकालीन टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियां विकसित की जा रही हैं। उन्होंने टूर ऑपरेटरों से कनाताल, धनोल्टी और तपोवन के साथ-साथ अन्य पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार और साहसिक गतिविधियों को बढ़ाने के लिए सुझाव आमंत्रित किए।
जिलाधिकारी ने जिला पर्यटन विकास अधिकारी सोबत सिंह को आगामी टिहरी फेस्टिवल के चार दिवसीय आयोजन की रूपरेखा तैयार करने तथा ट्रेकिंग, एडवेंचर और अन्य गतिविधियों का विस्तृत विवरण सभी हितधारकों से लेकर तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में हिमगंगा एडवेंचर द्वारा गंगा तट पर काइट फेस्टिवल आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया। ट्रेक हिमालय के राजीव त्रिपाठी ने ट्रेकिंग और हाइकिंग स्थलों के प्रचार पर जोर दिया, जबकि बृजेश सेमल ने माउंटेन बाइकिंग ट्रेल्स को चिन्हित कर विकसित करने की आवश्यकता बताई। दो प्रतिभागियों ने वालंटियर के रूप में वन-डे, टू-डे और थ्री-डे टूर इटिनेररी तैयार करने में सहयोग देने की इच्छा जताई, जिस पर जिलाधिकारी ने प्रस्ताव साझा करने के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित