टिहरी , सितंबर, 15 -- उत्तराखंड में टिहरी झील और आसपास के क्षेत्रों को आधुनिक एवं आकर्षक पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कार्यालय के वीसी कक्ष में एडीबी सहायता प्राप्त परियोजना के तहत प्रस्तावित स्मार्ट कंपोनेंट एवं स्मार्ट लूप को लेकर बैठक हुई। बैठक में पर्यटन रोड, ई-बस सेवा, स्मार्ट सीसीटीवी कैमरे, स्मार्ट पोल, बस शेल्टर, व्यू प्वाइंट, आईसीसीसी भवन और बस स्टेशन समेत विभिन्न सुविधाओं की विस्तृत प्लानिंग पर चर्चा की गई।

प्रस्तावित स्मार्ट बस शेल्टर में यात्रियों के बैठने, प्रकाश व्यवस्था, डिजिटल सूचना डिस्प्ले, सीसीटीवी और मोबाइल चार्जिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। वहीं स्मार्ट पोल के माध्यम से प्रकाश व्यवस्था के साथ सुरक्षा और सूचना संबंधी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। टिहरी झील के विहंगम प्राकृतिक सौंदर्य को पर्यटकों तक बेहतर ढंग से पहुंचाने के लिए आकर्षक व्यू प्वाइंट भी विकसित किए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित