टिहरी , मार्च 12 -- उत्तराखंड में टिहरी की जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने गुरुवार को विकासखंड चंबा के ग्राम कोटीगाड़ के नौलीखाला तोक में कृषि विभाग द्वारा कराए गए चेन लिंक फेंसिंग (घेरबाड़) कार्यों का निरीक्षण किया। यह कार्य जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए जिला योजना के तहत कराया गया है।

निरीक्षण के दौरान मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी ने बताया कि फेंसिंग की कुल लंबाई 226.10 मीटर है, जिसे वित्तीय वर्ष 2025-26 में लगभग 6.50 लाख रुपये की लागत से बनाया गया है। इस घेरबाड़ से करीब आठ हेक्टेयर कृषि भूमि सुरक्षित हुई है।

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से सिंचाई गूल की मरम्मत और शेष स्थानों पर घेरबाड़ कराने की मांग भी रखी। इस पर जिलाधिकारी ने प्रस्ताव जिला योजना में शामिल कर कार्य कराने का आश्वासन दिया।

इस दौरान कृषि विभाग द्वारा एक एकड़ भूमि पर लाइनिंग सिस्टम से की गई गेहूं की बुवाई का भी निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को इस पद्धति से खेती करने के लिए प्रेरित किया जाए ताकि उन्हें अधिक लाभ मिल सके। साथ ही किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान ग्राम प्रधान शीला देवी, पूर्व प्रधान, कृषि विभाग के कर्मचारी तथा ग्रामीण किसान मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित