टिहरी , जुलाई, 28 -- उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जनपद में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण कई प्रमुख सड़कें भूस्खलन और पहाड़ियों से मलबा आने के कारण मंगलवार को यातायात के लिए बंद हो गई हैं। इससे स्थानीय आवागमन के साथ ही देहरादून और अन्य क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। टिहरी गढ़वाल पुलिस ने प्रभावित मार्गों पर यात्रा न करने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह देते हुए परामर्श जारी किया है।

पुलिस के अनुसार कुमाल्डा क्षेत्र में कुमाल्डा से लगभग 25 किलोमीटर आगे सत्यों मार्ग पर कटुकिचैल के समीप सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई है। इसके चलते चम्बा-सत्यों-रायपुर मार्ग से देहरादून जाने वाला यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया है। प्रशासन ने यात्रियों से इस मार्ग का प्रयोग न करने की अपील की है।

इसी प्रकार भारी बारिश के कारण रानीचौरी-नकोट मार्ग तथा रानीचौरी-खंडकरी मार्ग भी पूरी तरह बंद हो गए हैं। दोनों मार्गों पर यातायात ठप होने से स्थानीय ग्रामीणों और यात्रियों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

वहीं नरेंद्रनगर-गुजराड़ा-रानीपोखरी मार्ग पर पहाड़ी से लगातार मलबा आने के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन मार्ग को अस्थायी रूप से यातायात के लिए बंद कर दिया है। सुरक्षा के दृष्टिगत इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है।

टिहरी गढ़वाल पुलिस ने बताया कि सभी प्रभावित मार्गों को जल्द से जल्द सुचारु कराने के लिए लोक निर्माण विभाग एवं अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर राहत एवं मलबा हटाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मार्ग खुलने तक अनावश्यक यात्रा से बचें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा मौसम और यातायात से संबंधित प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

लगातार हो रही बारिश को मद्देनजर प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है और लोगों से सतर्कता बरतने तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन एवं पुलिस से संपर्क करने की अपील की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित