टिहरी , मार्च 20 -- उत्तराखंड के टिहरी जिले में पेट्रोलियम पदार्थों और गैस की कालाबाजारी, अवैध संग्रहण एवं दुरुप्रयोग रोकने के लिए प्रशासन ने शुक्रवार को सख्त कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने विशेष रूप से नोडल और सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है।

अपर जिलाधिकारी अवधेश कुमार सिंह को नोडल अधिकारी, जबकि जिला पूर्ति अधिकारी मनोज कुमार डोभाल और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ब्रिजेश भट्ट को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। इसके अतिरिक्त, एल०पी०जी० डिवीजनल हेड (आई०ओ०सी०एल०) द्वारा सक्षम अधिकारी भी सहायक नोडल अधिकारी के रूप में नामित किए गए हैं।

जिलाधिकारी ने त्वरित प्रतिक्रिया दल का भी गठन किया है, जिसमें उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी और संबंधित पूर्ति निरीक्षक शामिल होंगे। इन दलों को नियमित निरीक्षण और प्रवर्तन कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

कालाबाजारी रोकने और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए जिला आपदा परिचालन केंद्र, नई टिहरी में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।

जिला पूर्ति अधिकारी मनोज कुमार डोभाल ने बताया कि निरीक्षण दल ने अब तक एक सप्ताह में गैस गोदाम 50, पेट्रोल पम्प 28 और व्यवसायिक प्रतिष्ठान 164 का निरीक्षण किया है। इस दौरान कुल 14 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित