टिहरी , अप्रैल 23 -- उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जनपद में सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गयी, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये।
प्राप्ता जानकारी के अनुसार चंबा-कोटी नैल मोटर मार्ग पर एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे मौके पर ही आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
डायल 112 के माध्यम से दुर्घटना की सूचना मिलते ही थाना चंबा पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीमों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। राहत एवं बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर तेजी से रेस्क्यू अभियान शुरू किया और घायलों को खाई से बाहर निकालकर उपचार के लिए भेजा।
बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन में करीब नौ से 10 लोग सवार थे। सभी लोग हरिद्वार में अंतिम संस्कार में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित