टिहरी , जून, 06 -- उत्तराखंड में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को योजना से जोड़ने के उद्देश्य से जनपद टिहरी गढ़वाल की सभी नगर निकायों में जून माह के दौरान लोक कल्याण मेले, स्वनिधि महोत्सव एवं स्वनिधि शिविर आयोजित किए जाएंगे। यह आयोजन आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशों के क्रम में एक जून से 30 जून 2026 तक संचालित होंगे।
नोडल अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद नई टिहरी वासुदेव डंगवाल ने शनिवार को जानकारी प्रदान करते हुए कहा कि कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थियों एवं उनके परिवारों की सफलता की कहानियों को साझा कर योजना के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है। इसके साथ ही छोटे व्यवसायियों को ऋण एवं क्रेडिट सुविधाओं से जोड़ना, डिजिटल भुगतान को प्रोत्साहित करना तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना भी अभियान का प्रमुख लक्ष्य है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रमों के दौरान बैंकों, भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई), संबंधित विभागों, डिजिटल भुगतान एग्रीगेटरों, टाउन वेंडिंग समितियों एवं अन्य हितधारकों के सहयोग से फेरी एवं रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों का सर्वेक्षण किया जाएगा। पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कर उन्हें प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से लाभान्वित करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
जारी रोस्टर के अनुसार, नगर पालिका परिषद चंबा में नौ जून, देवप्रयाग में 11 जून, गजा में 12 जून, तपोवन में 15 जून, कीर्तिनगर में 16 जून, नरेंद्रनगर में 17 जून, लंबगांव में 18 जून, नई टिहरी में 19 जून, घनसाली में 23 जून, चमियाला में 24 जून तथा मुनिकीरेती में 25 जून को स्वनिधि शिविर एवं लोक कल्याण मेले आयोजित किए जाएंगे।
अधिकांश कार्यक्रम संबंधित नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों के सभागारों में आयोजित होंगे, जबकि नई टिहरी का कार्यक्रम बौराड़ी स्थित ओपन मार्केट में संपन्न कराया जाएगा।
वासुदेव डंगवाल ने सभी नगर निकायों को निर्देशित किया है कि निदेशालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप स्वनिधि महोत्सव, लोक कल्याण मेला एवं स्वनिधि शिविरों का सफल आयोजन सुनिश्चित किया जाए तथा अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का लाभ दिलाया जाए। इस अभियान से जिले के हजारों छोटे व्यवसायियों को आर्थिक सशक्तीकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित