टिहरी , जून 17 -- उत्तराखंड के टिहरी में राजकीय महाविद्यालय थत्यूड़ का सभागार बुधवार को भावनाओं, सम्मान और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर हो गया जब स्थानांतरित हुए प्रभारी प्राचार्य सहित आठ शिक्षकों को महाविद्यालय ने भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उनके योगदान को याद करते हुए शुभकामनाओं के साथ विदा किया।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी प्राचार्य डॉ. अखिल गुप्ता ने कहा कि स्थानांतरित होने वाले शिक्षकों ने शिक्षण, शोध और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट योगदान देकर महाविद्यालय की पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि इन शिक्षकों की कार्यशैली और समर्पण लंबे समय तक महाविद्यालय परिवार को प्रेरित करता रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान भावनात्मक माहौल तब और गहरा गया जब शिक्षकों ने गढ़वाली, हिंदी और भोजपुरी गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। गीत-संगीत के माध्यम से यादों और अनुभवों को साझा करते हुए शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने एक-दूसरे के प्रति अपने स्नेह और सम्मान को व्यक्त किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे समारोह को यादगार बना दिया।
इस अवसर पर छात्रसंघ एवं महाविद्यालय प्रशासन की ओर से स्थानांतरित शिक्षकों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। विदाई पाने वालों में डॉ. विजेंद्र लिंगवाल, डॉ. राजेश सिंह, डॉ. संदीप कश्यप, डॉ. संगीता कैंतुरा, डॉ. संगीता सिदोला, डॉ. नीलम प्रहरी, डॉ. कंचन सिंह तथा युद्धवीर सिंह शामिल हैं।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. शीला बिष्ट ने किया। समारोह में डॉ. रवि चंद्रा, डॉ. बिट्टू सिंह, डॉ. गुलनाज फातिमा, डॉ. आंचल नौटियाल, छात्रसंघ अध्यक्ष धीरज रावत, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष शुभम सजवाण, सूरज रावत, रचना परमार सहित महाविद्यालय परिवार के अनेक सदस्य मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित