टिहरी , अगस्त, 02 -- उत्तराखंड के टिहरी में विकासखंड जाखणीधार के गेंवली देवल स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में रविवार को वृक्षारोपण और पौध वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

सेवा संकल्प फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में विधायक किशोर उपाध्याय, जाखणीधार प्रमुख राजेश नौटियाल, जनप्रतिनिधियों, महिला स्वयं सहायता समूहों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

इस मौके पर श्री उपाध्याय ने दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना के साथ किया। इसके उपरांत अतिथियों और स्थानीय लोगों ने फलदार, छायादार तथा औषधीय प्रजातियों के पौधों का रोपण किया। इस दौरान ग्रामीणों को 200 कागजी नींबू, 100 माल्टा तथा विभिन्न औषधीय प्रजातियों के पौधों का वितरण भी किया गया।

श्री उपाध्याय ने कहा कि वृक्षारोपण सबसे पवित्र और समाजोपयोगी कार्य है। उन्होंने सेवा संकल्प फाउंडेशन की संस्थापक अध्यक्ष गीता धामी के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण और जनसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था पूरे प्रदेश में सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि बरसात के बाद टिहरी क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक गांव को उसकी भौगोलिक परिस्थितियों और फल उत्पादन की क्षमता के अनुरूप विकसित किया जाएगा। इसके लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर ऐसे फलदार एवं उपयोगी पौधों को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीणों की आय में वृद्धि और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित हो सकें।

सेवा संकल्प फाउंडेशन के प्रतिनिधि पवन ने कहा कि संस्था का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सेवा और जन-जागरूकता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने बताया कि संस्थापक अध्यक्ष गीता धामी का संकल्प अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण अभियान से जोड़कर इसे जनआंदोलन का स्वरूप देना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित