टिहरी , अक्टूबर, 21 -- उत्तराखंड के टिहरी गढवाल जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार करने और पात्र लोगों को केंद्र सरकार की वित्तीय योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से सभी ग्राम पंचायतों में वित्तीय समावेशन शिविर आयोजित किए जाएंगे।

राज्य स्तरीय बैंकर्स कमेटी के निर्देशों के क्रम में 21 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक चलने वाले इस अभियान के तहत ग्रामीणों को विभिन्न बैंकिंग योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ ही लंबे समय से निष्क्रिय खातों की केवाईसी का पुनः सत्यापन भी किया जाएगा।

बुधवार को जिला अग्रणी बैंक के प्रबंधक मनीष मिश्रा ने बताया कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य पात्र लाभार्थियों तक बैंकिंग सुविधाओं और सरकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है। शिविरों में प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना तथा किसान क्रेडिट कार्ड से संबंधित पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित