देहरादून , जून 17 -- उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस बेवजह टिहरी गढ़वाल मे हुए दलित युवक की हत्या को तूल दे रही है, जबकि आरोपी सलाखों के पीछे है। उन्होंने कहा कि असल मे टिहरी की घटना को कानून व्यवस्था से जोड़कर वह देहरादून के वैरागीवाला के दर्द को बयां कर रही है।
कांग्रेस के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री चौहान ने कहा कि वैरागीवाला और टिहरी की घटना मे कोई समानता नही है और कांग्रेस को अपना चश्मा बदलने की जरूरत है। टिहरी में दलित युवक की हत्या दो परिवारों की रंजिश है, जबकि वैरागीवाला मे हुई हत्या समुदाय विशेष द्वारा मोबलिंचिंगमें हुई। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान सामने आये सीसीटीबी फुटेज और अन्य माध्यमों से स्थिति साफ है कि किस तरह युवक की घेरकर हत्या की गयी और कई लोग इसमें सम्मिलित थे। पांच लोग गिरफ्तार किये गए है और 12 से अधिक लोग मामले में नामजद हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस तुष्टिकरण की खातिर दोनों ही घटनाओं मे समानता बताकर भ्रम फैला रही है। कांग्रेस को साफ करना चाहिए कि वैरागीवाला में जो कार्रवाई हुई क्या वह गैर कानूनी थी और उससे वह असहमत है?श्री चौहान ने कहा कि भाजपा का स्टैंड साफ है कि किसी के द्वारा भी राज्य मे हिंसक गतिविधियों को अंजाम देकर सौहार्द के वातावरण को चोट पहुंचाने की कोशिश पर कड़ी कारवाई की जायेगी। उन्होंने कहा कि डेमोग्राफी चेंज करने जैसे प्रयास या लैंड जिहाद के लिए भी पार्टी कानून लेकर आयी है और ऐसे तत्वों के खिलाफ भी कड़ी कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का सिद्धांत सबका साथ और सबका विकास पर आधारित है लेकिन देव भूमि में किसी भी तरह का जिहाद बर्दाश्त नही किया जायेगा। उत्तराखंड अपनी शांत और अतिथि परंपरा के लिए जाना जाता है। किसी को वादियों के सुकून को छीनने की आजादी नही दी जा सकती है। वहीं कांग्रेस की मंशा में छिपी खोट को जनता समझ चुकी है और बर्दाश्त नही करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित