न्यूयॉर्क , सितंबर 07 -- अमेरिका के फ्रांसिस टियाफो ने निडर और आक्रामक खेल दिखाते हुए पांचवीं वरीयता प्राप्त डेनिल मेदवेदेव को यूएस ओपन 2026 टेनिस टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। उन्होंने पूर्व चैंपियन को सीधे सेटों में हराकर क्वार्टर फ़ाइनल में अपनी जगह पक्की की।

लुई आर्मस्ट्रांग स्टेडियम में रविवार को खेले गये चौथे दौर के रोमांचक मुकाबले में अमेरिकी खिलाड़ी ने रूस के मेदवेदेव के खिलाफ 7-6 (7-1), 6-4, 7-6 (7-5) से जीत हासिल की। उन्होंने आक्रामक रिटर्न, शानदार नेट प्ले और लगातार आक्रमक टेनिस से मेदवेदेव को बार-बार परेशान किया।

टियाफो ने एक तनावपूर्ण शुरुआती सेट में खुद को संभाले रखा, जिसमें मेदवेदेव के पास बढ़त बनाने के मौके थे। जब रूसी खिलाड़ी सेट को अपने नाम नहीं कर पाए, तो टियाफो ने टाई-ब्रेक में मौके का फायदा उठाया और 7-1 से जीत हासिल कर 74 मिनट तक चले मैराथन शुरुआती सेट में बढ़त बना ली। इसके बाद अमेरिकी खिलाड़ी ने दूसरे सेट में अपनी पकड़ मजबूत कर ली। ज़बरदस्त फोरहैंड और नेट पर बेहतरीन टच का मिश्रण करते हुए, टियाफो ने अहम ब्रेक हासिल किया और मेदवेदेव को मुकाबले में वापसी का कोई मौका नहीं दिया। बेसलाइन के पीछे से खेलकर विरोधियों को परेशान करने के लिए मशहूर मेदवेदेव को टियाफो के ड्रॉप शॉट्स और आक्रामक खेल के कारण बार-बार आगे आना पड़ा। अमेरिकी खिलाड़ी ने संयम बनाए रखते हुए दूसरा सेट 6-4 से जीता और अंतिम आठ में जगह बनाने से बस एक सेट दूर रह गए।

पांचवीं वरीयता प्राप्त रूसी खिलाड़ी ने हार नहीं मानी और तीसरा सेट भी एक कड़े मुकाबले में बदल गया। जब कोई भी खिलाड़ी निर्णायक बढ़त नहीं बना सका, तो सेट एक और टाई-ब्रेक में चला गया। मेदवेदेव ने कुछ समय के लिए मैच का रुख पलटने की कोशिश की, लेकिन टियाफो ने संयम और आक्रामकता के साथ जवाब दिया। टियाफो के शानदार बैकहैंड शॉट ने मेदवेदेव को मुश्किल में डाल दिया और मैच पॉइंट दिला दिया। इसके बाद जब मेदवेदेव का शॉट नेट से टकराया, तो अमेरिकी खिलाड़ी ने जीत पक्की कर ली, जिससे न्यूयॉर्क के दर्शकों में भारी उत्साह छा गया।

टियाफो की इस जीत ने लुई आर्मस्ट्रांग स्टेडियम में उनके शानदार रिकॉर्ड को 10-0 तक पहुंचा दिया, जो इस कोर्ट और वहां के उत्साही दर्शकों के साथ उनके खास जुड़ाव को दर्शाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित