न्यूयॉर्क , सितंबर 11 -- अमेरिका के बेन शेल्टन ने एक रोमांचक चार-सेट वाले सेमीफाइनल में हमवतन फ्रांसिस टियाफो हराकर यूएस ओपन के फाइनल में जगह बना ली है। इसी के साथ वह 1972 में आर्थर ऐश के बाद टूर्नामेंट के पुरुष एकल फाइनल में पहुंचने वाले पहले अश्वेत अमेरिकी पुरुष खिलाड़ी बन गए।
शुक्रवार को खेले गये मुकाबले में आठवीं वरीयता प्राप्त शेल्टन ने 4-6, 6-3, 6-3, 7-5 से जीत हासिल कर अपना पहला ग्रैंड स्लैम फाइनल पक्का किया। इसके साथ ही, पुरुष एकल में मेजर चैंपियन के लिए अमेरिका के 23 साल के इंतजार को खत्म करने की उम्मीदें भी बनी हुई हैं।
23 वर्षीय शेल्टन रविवार को होने वाले फाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त अलेक्जेंडर ज्वेरेव का सामना करेंगे, जिन्होंने दूसरे सेमीफाइनल में कारेन खाचानोव को हराया था।
इस मौके की अहमियत दोनों खिलाड़ियों को पता थी, जब शेल्टन और टियाफ़ो आर्थर ऐश स्टेडियम में उतरे। यह स्टेडियम यूएस ओपन पुरुष एकल फाइनल खेलने और जीतने वाले आखिरी अश्वेत अमेरिकी पुरुष खिलाड़ी के नाम पर रखा गया है।
पहला सेट हारने के बाद, शेल्टन ने जबरदस्त वापसी की और मैच पर पकड़ बनाने के लिए अपनी सर्विस और बैकहैंड का स्तर बढ़ाया। उन्होंने तीसरे सेट में 12 विनर्स लगाए, अपनी 82 प्रतिशत पहली सर्विस सही जगह पर लगाईं और टियाफ़ो की सर्विस दो बार तोड़ी, जिसमें एक लंबा गेम भी शामिल था जिसमें सात ड्यूस पॉइंट खेले गए।
उन्होंने चौथे सेट में भी दबाव बनाए रखा और आखिरी गेम में निर्णायक ब्रेक हासिल किया, जिससे टियाफ़ो को मैच को टाई-ब्रेक तक ले जाने का मौका नहीं मिला। दोनों अमेरिकी खिलाड़ियों के बीच शेल्टन की सर्विस एक बड़ा अंतर साबित हुई। उन्होंने 20 ऐस लगाए, अपनी 75 प्रतिशत पहली सर्विस पर अंक जीते और 47 विनर्स के साथ मैच खत्म किया, जो टियाफ़ो के 27 विनर्स से लगभग दोगुना था।
रविवार को जीत मिलने पर शेल्टन, 2003 में एंडी रॉडिक के बाद ग्रैंड स्लैम एकल का खिताब जीतने वाले पहले अमेरिकी पुरुष खिलाड़ी बन जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित