रायपुर , जुलाई 27 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर टास्क फोर्स के गठन और मंत्रियों को सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने की नसीहत दिए जाने पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सोमवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।
श्री बैज ने कहा कि प्रधानमंत्री के टास्क फोर्स बनाने से कोई फायदा नहीं होगा, क्योंकि केंद्र सरकार ने देश के युवाओं का भविष्य खराब कर दिया है और आज युवा रोजगार के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि व्यवस्था में बैठे लोगों के कारण भ्रष्टाचार बढ़ा है और युवाओं तथा किसानों को आंदोलन के लिए मजबूर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जेन-जी ने प्रधानमंत्री को अपनी नीतियों पर विचार करने के लिए मजबूर कर दिया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 साल के कार्यकाल पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इस दौरान देश को हुए नुकसान की भरपाई संभव नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि टास्क फोर्स का गठन सरकार अपना कमजोर होता जनाधार संभालने के लिए कर रही है।
प्रधानमंत्री द्वारा मंत्रियों को सोशल मीडिया पर रील बनाकर पोस्ट करने की सलाह दिए जाने पर श्री बैज ने कहा कि इससे भारतीय जनता पार्टी की स्थिति समझी जा सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक शंखनाद से पूरी सरकार की व्यवस्था हिल गई है और सरकार डर चुकी है।
श्री बैज ने कहा कि जेन-जी देश की बड़ी आबादी है, जो पढ़ी-लिखी है और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाना जानती है। उन्होंने कहा कि रील बनाने से जनता के वास्तविक मुद्दों का समाधान नहीं होगा। उन्होंने दावा किया कि अब प्रधानमंत्री की उल्टी गिनती शुरू हो गई है और आने वाले समय में जनता जवाब देगी।
वहीं 29 जुलाई को दिल्ली में होने वाली कांग्रेस की बैठक को लेकर श्री बैज ने कहा कि प्रदेश संगठन पूरी तरह तैयार है। बैठक में संगठन को मजबूत करने और आगामी आंदोलनों की रणनीति पर दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अब तक किए गए आंदोलनों की समीक्षा और आगे की रूपरेखा तैयार की जाएगी। बारिश के बाद जल, जंगल और जमीन से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस आंदोलन की रणनीति बनाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित