भिवानी , अक्टूबर 13 -- हरियाणा के भिवानी में टास्क इन्वेस्टमेंट के नाम पर लाखों रुपये की साइबर धोखाधड़ी करने के मामले में थाना साइबर क्राइम भिवानी पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

आरोपी ने अपना बैंक खाता साइबर ठगी में संलिप्त लोगों को बेच दिया था, जिसका इस्तेमाल धोखाधड़ी की राशि के लेनदेन के लिए किया गया।

पुलिस के अनुसार सेक्टर-13 निवासी पुनीत ने शिकायत में बताया कि उसके मोबाइल फोन पर टेलीग्राम के माध्यम से टास्क इन्वेस्टमेंट का प्रस्ताव आया था। आरोपियों ने अधिक मुनाफे का लालच देकर टास्क पूरे करने के नाम पर निवेश करने के लिए कहा। उनके झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने अलग-अलग बैंक खातों में रुपये ट्रांसफर कर दिए। इस तरह उसके साथ कुल तीन लाख 29 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई।

शिकायत के आधार पर थाना साइबर क्राइम भिवानी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम में तैनात मुख्य सिपाही अजीत ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल पुत्र राजेश को गिरफ्तार किया। आरोपी मध्य प्रदेश के जिला सागर में थाना बीना क्षेत्र में छोटी मस्जिद के नजदीक का निवासी है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सागर में रेहड़ी लगाने का काम करता है और उसने अपना बैंक खाता आरोपियों को बेच दिया था। इसी खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेनदेन में किया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए।

पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित