बैतूल , अगस्त 14 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के सारणी थाना क्षेत्र में विभिन्न मोबाइल टावरों से केबल चोरी के मामले का पुलिस ने सात दिन में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 20 हजार रुपये कीमत के चोरी किए गए केबल बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार सारणी, पाथाखेड़ा, शोभापुर और बगडोना क्षेत्र के कई मोबाइल टावरों से केबल चोरी की शिकायत सामने आई थी। नवचेतना स्कूल के पास, दीपिका लॉज के पीछे, कैलाश नगर, स्टेडियम के पास, शिवाजी नगर, कैलाश नगर पटरी, गर्ग कॉलोनी, जियो कार्यालय के पीछे तथा शक्ति नगर स्थित टावरों से केबल चोरी किए गए थे। आरोपियों ने गार्ड रूम और स्टोर रूम के ताले तोड़कर अंदर लगे बोर्ड के ग्रीप और केबल निकाल लिए थे। फरियादी उत्पल की रिपोर्ट पर सारणी थाने में अपराध क्रमांक 247/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 303(3), 331(4) और 305(ए) में प्रकरण दर्ज किया गया था।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे तथा सारणी एसडीओपी प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती के नेतृत्व में टीम गठित की गई। तकनीकी और मैदानी जांच के आधार पर पुलिस ने शंकर प्रजापति (30), निवासी शिवाजी नगर पाथाखेड़ा और मोहित नायक (22), निवासी संत रविदास कॉलोनी पाथाखेड़ा को गिरफ्तार किया।

दोनों आरोपियों को 14 अगस्त को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। कार्रवाई में उप निरीक्षक मनोज उइके, प्रधान आरक्षक मनोज डेहरिया, आरक्षक राकेश करपे, रविमोहन दर्शिमा और साइबर सेल के आरक्षक राजेन्द्र धाड़से की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित