पंचकूला , अगस्त 06 -- पंचकूला केंद्रीय सहकारी बैंक ने वित्तीय मोर्चे पर बेहतर प्रदर्शन दर्ज करते हुए 363 करोड़ रुपये के लक्ष्य के मुकाबले 374 करोड़ रुपये की जमा राशि जुटाई है। साथ ही बैंक ने अपने एनपीए को घटाकर 3.67 प्रतिशत कर लिया है।

हरको बैंक के चेयरमैन भारत भूषण जुयाल ने गुरुवार को बैंक के नवीनीकृत परिसर का उद्घाटन किया। इस दौरान हरको बैंक के एमडी एवं सीईओ डॉ. प्रफुल्ला रंजन ने बैंक को गैर-कृषि क्षेत्र में ऋण वितरण बढ़ाने और जमा राशि में और वृद्धि की रणनीति बनाने के निर्देश दिए।

बैंक ने ऋण वसूली के लिए दो विशेष टीमें बनाई हैं, जिनकी कार्रवाई से 1.68 करोड़ रुपये की रिकवरी हो चुकी है।

ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए सभी शाखाओं में माइक्रो एटीएम की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके जरिए दूसरे बैंकों के ग्राहक भी नकदी निकाल सकते हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ भी शाखाओं के माध्यम से दिया जा रहा है।

बैंक ने वर्ष 2025-26 में 65 लाख रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया। वहीं, 11 पैक्स के जरिए किसानों को केसीसी ऋण, खाद और बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं तथा 10 पैक्स का पूर्ण कंप्यूटरीकरण किया जा चुका है।

बैंक प्रबंधन ने विश्वास जताया कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नया परिसर ग्राहकों को बेहतर सेवाएं देने के साथ बैंक की कार्यक्षमता को भी नई गति देगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित