बैतूल , अप्रैल 01 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में टायर बदलते समय जैक फिसलने से कार के नीचे दबकर एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना कल मिलानपुर टोल प्लाजा के पास हुई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 32 वर्षीय निपेन हजारिका के रूप में हुई है, जो असम का निवासी था। वह अपने एक परिजन के साथ एसयूवी कार से बालाघाट से खंडवा की ओर जा रहा था। यात्रा के दौरान मिलानपुर टोल के पास उनकी कार का टायर अचानक पंक्चर हो गया। इसके बाद निपेन हजारिका ने सड़क किनारे वाहन रोककर खुद ही टायर बदलने का प्रयास किया। उन्होंने कार को जैक के सहारे उठाया, लेकिन इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से जैक फिसल गया और कार सीधे उनके ऊपर गिर गई। हादसा इतना गंभीर था कि कार के नीचे दबने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की एम्बुलेंस को सूचना दी और घायल युवक को जिला चिकित्सालय पहुंचाया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही बैतूल बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
थाना प्रभारी अंजना धुर्वे ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह एक दुर्घटना प्रतीत हो रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित