बीजिंग/हांगकांग , जुलाई 26 -- चक्रवाती तूफान 'नॉल' ने स्थानीय समयानुसार रविवार तड़के दस्तक देकर तबाही मचानी शुरू कर दी। यहां से सात लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर निकाला गया है और कई उड़ानें रद्द कर दी गयी हैं।

सप्ताहांत में हांगकांग सहित दक्षिणी चीन में तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण चीन के ग्वांगडोंग प्रांत में हाई अलर्ट घोषित किया गया है। हांगकांग वेधशाला ने बताया कि तूफान 'नॉल' अपने केंद्र के पास 90 मील प्रति घंटे की अधिकतम निरंतर रफ्तार वाली हवाओं के साथ तेज हो गया था। यह शनिवार को दक्षिण चीन सागर से गुजरते हुए ग्वांगडोंग के तट की ओर बढ़ रहा था।

चीन के राष्ट्रीय मौसम केंद्र ने कहा कि नॉल ने रविवार को स्थानीय समयानुसार सुबह लगभग 3:50 बजे (भारतीय समयानुसार रात 1:20 बजे) दक्षिणी ग्वांगडोंग प्रांत के हुइझोउ शहर के हुइदोंग काउंटी के तट पर दस्तक दी। हांगकांग वेधशाला ने कहा कि नॉल, अपने केंद्र के पास 68 मील प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं के साथ ग्वांगडोंग के अंदरूनी इलाकों में प्रवेश गया जिससे क्षेत्र के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं और भारी बारिश हुई।

सरकारी मीडिया चाइना नेशनल रेडियो के अनुसार, ग्वांगडोंग प्रांत में सुरक्षा के लिहाज से 7,15,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया था। चाइना न्यूज सर्विस के अनुसार, रविवार के लिए प्रांत में ट्रेन सेवाएं रद्द कर दी गयी।

हांगकांग हवाई अड्डे की वेबसाइट पर जानकारी दी गई हैं शनिवार और रविवार के लिए 350 से अधिक उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं तथा और भी उड़ानों के रद्द होने की आशंका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित