मुंबई , अगस्त 14 -- टाटा स्टील ने 'जमशेदपुर फुटबॉल एंड स्पोर्टिंग प्राइवेट लिमिटेड' (जेएफएसपीएल) में अपनी इक्विटी हिस्सेदारी चर्चिल ब्रदर्स फुटबॉल क्लब को 100 रुपये की नाममात्र की राशि के बदले हस्तांतरित करने पर सहमति जतायी है।
दोनों पक्षों के बीच शुक्रवार को इस संबंध में समझौता हुआ। बिक्री की प्रक्रिया 31 अगस्त 2026 तक पूरी होने की उम्मीद है। टाटा स्टील के निदेशकमंडल ने 30 जुलाई 2026 को हुई बैठक में इस सौदे के लिए स्वीकृति प्रदान की थी।
जेएफएसपीएल का नेटवर्थ 31 मार्च 2026 को 5.8 करोड़ रुपये ऋणात्मक था। वित्त वर्ष 2025-26 में उसका कुल कारोबार 32.23 करोड़ रुपये का था।
टाटा स्टील ने शुक्रवार को बताया कि यह हस्तांतरण अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के नियमों के अनुरूप किया गया है। इसमें क्लब के इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के स्पोर्टिंग लाइसेंस के साथ ही 12 खिलाड़ियों और दो कोचों का हस्तांतरण भी शामिल है।
चर्चिल ब्रदर्स सितंबर 2026 से जमशेदपुर फुटबॉल क्लब (जेएफसी) के सभी खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ के अनुबंध अपने अधीन ले लेगा। इससे उन्हें आईएसएल में अपना पेशेवर फुटबॉल करियर जारी रखने का अवसर मिलेगा।
चर्चिल ब्रदर्स गोवा का जाना-माना फुटबॉल क्लब है। उसने दो आई-लीग खिताब जीते हैं और भारतीय घरेलू फुटबॉल में उसका मजबूत रिकॉर्ड रहा है।
टाटा स्टील में कॉर्पोरेट सेवा के उपाध्यक्ष डी.बी. सुंदर रामम् ने इस सौदे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, "चर्चिल भारतीय फुटबॉल के इतिहास वाला एक वास्तविक और प्रतिष्ठित क्लब है। हमें खुशी है कि यह समझौता हमारे खिलाड़ियों और कोचों को क्लब फुटबॉल खेलना जारी रखने का अवसर देता है।" उन्होंने इस बदलाव को सुचारू बनाने के लिए फुटबॉल महासंघ और चर्चिल ब्रदर्स के प्रति आभार व्यक्त किया है।
श्री रामम् ने कहा कि टाटा स्टील जमीनी स्तर और युवा स्तर पर फुटबॉल पर अपना ध्यान जारी रखेगी। युवा प्रतिभाओं, विशेष रूप से स्थानीय और आदिवासी समुदायों के युवाओं को पहचानने और उन्हें निखारने की कंपनी की लंबी विरासत रही है। कंपनी फुटबॉल महासंघ के सहयोग से अपनी युवा प्रणाली को आधुनिक बनायेगी तथा उसकी क्षमताओं में निवेश और विस्तार करेगी।
टाटा फुटबॉल अकादमी की स्थापना 1987 में जमशेदपुर में हुई थी। इसने 300 से अधिक कैडेट्स को प्रशिक्षित किया है, जिनमें से 150 ने भारतीय राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व किया है। इनमें विभिन्न आयु वर्गों की राष्ट्रीय टीमों के 26 कप्तान भी शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित