मुंबई , मई 15 -- निजी क्षेत्र की अग्रणी इस्पात कंपनी टाटा स्टील को वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में समेकित आधार पर 2,965 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ जो एक साल पहले के 1,201 करोड़ रुपये की तुलना में 147 प्रतिशत अधिक है।

तिमाही के दौरान कंपनी का परिचालन राजस्व 12.5 प्रतिशत बढ़कर 63,270 करोड़ रुपये हो गया।

भारतीय कारोबार से कंपनी का तिमाही शुद्ध लाभ 4,660 करोड़ रुपये और परिचालन राजस्व 38,448 करोड़ रुपये रहा। टाटा स्टील नीदरलैंड का परिचालन राजस्व 17, 016 करोड़ रुपये और परिचालन लाभ 624 करोड़ रुपये रहा।

ब्रिटेन में कंपनी का राजस्व घटकर 5,774 करोड़ रुपये रहा गया। एक साल पहले की समान तिमाही में उसने 6,001 करोड़ रुपये की कमाई की थी। उसे वहां 591 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा।

कंपनी ने एक रुपये अंकित मूल्य के प्रत्येक इक्विटी शेयर पर चार रुपये के लाभांश की भी घोषणा की है। लाभांश का वितरण 12 जून की शेयरधारिता के आधार पर किया जायेगा।

टाटा स्टील के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक टी.वी. नरेंद्रन ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 भू-राजनैतिक अनिश्चितताओं, आपूर्ति श्रृंखला और आयात शुल्क संबंधी बाधाओं के कारण चुनौतीपूर्ण रहा। इसके बावजूद परिचालन में अनुशासन और लागत कम करने के प्रयासों के परिणाम देखने को मिले।

पूरे वित्त वर्ष के दौरान समेकित आधार पर कंपनी का परिचालन राजस्व 2,32,140 करोड़ रुपये रहा। यह एक साल पहले के 2,18,543 करोड़ रुपये से 6.22 प्रतिशत अधिक है। इस दौरान शुद्ध मुनाफा 3.43 गुना होकर 10,886 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। साल के दौरान इनवेंट्री में बदलाव से कंपनी को 990 करोड़ का नुकसान हुआ जिसमें मुख्यतः ब्रिटेन में इनवेंट्री में बदलाव का योगदान है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित