नयी दिल्ली , अगस्त 24 -- देश की अग्रणी अक्षय ऊर्जा कंपनी टाटा पावर रिन्यूएबल एनर्जी लिमिटेड (टीपीआरईएल) ने राजस्थान के बीकानेर स्थित कलासर में अपनी 190.5 मेगावाट की सौर परियोजना में वाणिज्यिक उत्पादन शुरू कर दिया है।
टाटा पावर की सहायक कंपनी (टीपीआरईएल) ने सोमवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि यह परियोजना 460 मेगावाट की फर्म एंड डिस्पैचेबल रिन्यूएबल एनर्जी (एफडीआरई) परियोजना के तहत आती है। एसजीवीएन एफडीआरई के पहले चरण के तहत विकसित 190.5 मेगावाट की यह परियोजना एचपीपीसी, एएसईडीसीएल और एनपीसीएल की विद्युत वितरण कंपनियों को बिजली उपलब्ध करायेगी।
परियोजना को देश की स्वच्छ ऊर्जा यात्रा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए टाटा पावर ने कहा कि इसमें बड़े पैमाने पर सौर ऊर्जा उत्पादन को उन्नत ऊर्जा भंडारण और ग्रिड सपोर्ट तकनीकों के साथ जोड़ा गया है। इससे विश्वसनीय और अक्षय ऊर्जा की आवश्यकता के अनुरूप उपलब्ध कराई जा सकने वाली आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
परियोजना में बीईएसएस, हार्मोनिक फिल्टर बैंक और स्टैटिक वीएआर जनरेटर जैसी कई नयी तकनीकों को सफलतापूर्वक अपनाया गया है। परियोजना के लिए सिर्फ तीन महीने में स्विचयार्ड का निर्माण पूरा किया गया और एक महीने में हार्मोनिक फिल्टर बैंक को पूरा किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित