आजमगढ़ , अक्टूबर 21 -- फिल्म अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमले से जुड़े मामले की जांच की आंच उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ तक पहुंच गई है। राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार तीन शूटरों को मदद पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार चार लोगों में आजमगढ़ के तहबरपुर क्षेत्र की 23 वर्षीय युवती बबीता भी शामिल है। मामले की कड़ियां जोड़ने में मुंबई, दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश की पुलिस जुटी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार सिंह ने बताया कि शूटरों की मदद करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। इनमें बबीता तहबरपुर क्षेत्र के कोटियार गांव की रहने वाली बताई जा रही है।
उधर, बबीता के पिता रामेश्वर और बहन नीलम ने मामले की जानकारी होने से इंकार किया है। उन्होंने कहा कि बबीता इस तरह की गतिविधियों में शामिल नहीं हो सकती। पिता के अनुसार, उनकी बेटी पिछले दो वर्षों से हरियाणा के सोनीपत स्थित एक कंपनी में काम कर रही थी। उन्होंने यह भी कहा कि वे राधा नाम की युवती के बारे में कुछ नहीं जानते और आशंका जताई कि किसी अन्य लड़की के साथ जाने के कारण बबीता को इस मामले में फंसाया गया है।
पुलिस के मुताबिक, बबीता सोनीपत में एक कंपनी में काम करती थी। जांच में चर्चा है कि उसने सीतापुर की रहने वाली राधा के साथ हथियार मुंबई पहुंचाने में भूमिका निभाई। दोनों महिलाओं की गिरफ्तारी के बाद मामले में नए तथ्य सामने आए हैं। जांच के दौरान एक नाबालिग को हथियार सौंपे जाने की बात भी सामने आने की जानकारी मिली है।
डॉ. सिंह ने कहा कि मामले की जांच मुंबई और हरियाणा पुलिस कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की जानकारी दी जाएगी। फिलहाल आजमगढ़ पुलिस भी मामले से जुड़े तथ्यों का पता लगा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित