मुंबई , अक्टूबर 21 -- महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई की एक अदालत ने बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई गोलीबारी की घटना में शामिल तीन आरोपियों को विस्तृत जांच के लिए बुधवार को 31 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।

आरोपियों की पहचान रेहान उर्फ सुक्का (निवासी सोनीपत, हरियाणा), ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन (मूल रूप से बेगूसराय, बिहार) और फूल सिंह (निवासी हरियाणा) के रूप में हुई है। इन्हें बुधवार तड़के राजस्थान के कोटा से मुंबई लाया गया था।मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल तीनों को सड़क मार्ग से शहर लेकर पहुंची। जीटी अस्पताल में उनकी मेडिकल जांच कराने के बाद उनसे पूछताछ की गई और बाद में उन्हें एस्प्लेनेड कोर्ट में अपर मुख्य महानगर मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। अभियोजन पक्ष ने आरोपियों की भूमिकाओं, गोलीबारी के मकसद और हमले की योजना बनाने या उसे अंजाम देने में अन्य लोग के बारे में विस्तृत पूछताछ के लिए उनकी हिरासत मांगी।

यह घटना 18 अक्टूबर को जुहू इलाके में तब हुयी, जब सशस्त्र बदमाशों ने एक फुटबॉल मैदान के पास टाइगर श्रॉफ की कार पर कथित तौर पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। वह इस हमले में बाल-बाल बच गए, जबकि उनके ड्राइवर और एक राहगीर के घायल होने की खबर है।

जांचकर्ताओं के अनुसार, गोलीबारी के बाद आरोपी मुंबई से फरार हो गए थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर उनकी आवाजाही पर नजर रखी। इसके बाद उन्हें ट्रेन से यात्रा करते समय कोटा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस को संदेह है कि उन्होंने गिरफ्तारी से बचने के लिए दिल्ली और संभवतः नेपाल जाने की योजना बनाई थी। जांच अधिकारी इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि क्या यह गोलीबारी पहले से नियोजित थी और क्या आरोपियों ने घटना से पहले रेकी की थी। पुलिस अन्य लोगों की संभावित संलिप्तता और हमले के पीछे की बड़ी साजिश की भी जांच कर रही है।

एक अन्य घटनाक्रम में, दिल्ली पुलिस ने इस मामले के सिलसिले में चार और लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके बारे में संदेह है कि उन्होंने हथियार मुहैया कराने या कथित हमलावरों की मदद करने में भूमिका निभाई थी। उनके कथित संबंधों और व्यक्तिगत भूमिकाओं की जांच की जा रही है।

इस संबंध में हत्या के प्रयास से संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित