मुंबई , अक्टूबर 18 -- बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर रविवार शाम कथित तौर पर तीन अज्ञात लोगों ने गोलीबारी की। इस घटना में अभिनेता सुरक्षित बच गए, जबकि उनका चालक घायल हो गया। घटना शाम सात से साढ़े सात बजे के बीच उपनगरीय जुहू के पुष्पा इलाके में हुई।

अज्ञात हमलावरों ने टाइगर श्रॉफ की लग्जरी गाड़ी पर तीन गोलियां चलाईं। घायल चालक को नानावटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना जुहू पुलिस थाना क्षेत्र की है।

मुंबई पुलिस ने अभिनेता के सुरक्षित होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के एक बयान में कहा गया, "जुहू पुलिस थाना क्षेत्र में गोलीबारी की घटना सामने आई है। अभिनेता टाइगर श्रॉफ सुरक्षित हैं और उन्हें गोली नहीं लगी है। मामले की आगे जांच की जा रही है।"घटना उस समय हुई, जब टाइगर श्रॉफ एक फुटबॉल मैदान से निकल रहे थे। गोलीबारी के पीछे के कारणों तथा हमलावरों की पहचान का पता लगाया जा रहा है।

मुंबई पुलिस सोशल मीडिया पर प्रसारित एक पोस्ट की प्रामाणिकता की भी जांच कर रही है। यह पोस्ट कथित तौर पर विदेश में सक्रिय गैंगस्टर अनिल पंडित और हरमन संधू से जुड़ी है। पोस्ट में घटना की जिम्मेदारी ली गई है।

पोस्ट में आरोप लगाया गया है कि टाइगर श्रॉफ ने अभिनेता सलमान खान के साथ काम नहीं करने की चेतावनी देने वाले पहले के संदेशों को नजरअंदाज किया था। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित