मुंबई , अगस्त 02 -- बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ और निर्देशक रेमो डिसूजा की आगामी एक्शन फिल्म में अभिनेत्री पश्मीना रोशन की एंट्री हो गई है।पश्मीना रोशन इस फिल्म में प्रमुख महिला किरदार निभाती नजर आएंगी।

फिल्म से जुड़े सूत्रों के अनुसार, पश्मीना पहली बार टाइगर श्रॉफ के साथ बड़े पर्दे पर स्क्रीन साझा करेंगी। फिल्म में नुसरत भरुचा भी अहम भूमिका में हैं। हालांकि, निर्माताओं ने अभी उनके किरदार से जुड़ी अधिक जानकारी साझा नहीं की है, लेकिन इसे पश्मीना के करियर का अहम प्रोजेक्ट माना जा रहा है।

यह फिल्म टाइगर श्रॉफ और रेमो डिसूजा की वर्ष 2016 में प्रदर्शित फिल्म 'ए फ्लाइंग जट्ट' के बाद दूसरी फिल्म होगी। बताया जा रहा है कि यह एक नई एक्शन फ्रेंचाइज़ी की पहली कड़ी होगी। फिल्म में अभिषेक बनर्जी और एल्विश यादव भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।

यह परियोजना निर्माता विक्की जैन के प्रोडक्शन हाउस वीजे फ्रेम्स के बैनर तले बनने वाली पहली फिल्म है। इसे बड़े स्तर की एक्शन एंटरटेनर के रूप में तैयार किया जा रहा है।

पश्मीना रोशन ने वर्ष 2024 में प्रदर्शित निपुण धर्माधिकारी निर्देशित रोमांटिक कॉमेडी फिल्म 'इश्क विश्क रिबाउंड' से बॉलीवुड में पदार्पण किया था। अब वह इस नई एक्शन फिल्म के जरिए रोमांटिक फिल्मों से अलग अंदाज में नजर आएंगी और पहली बार टाइगर श्रॉफ के साथ बड़े पर्दे पर दिखाई देंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित