काठमांडू , मई 11 -- टर्किश एयरलाइंस के एक विमान के लैंडिंग गियर में आग लगने की घटना के बाद सोमवार सुबह नेपाल के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को लगभग 98 मिनट तक के लिए बंद रखा गया, जिससे घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवाएं प्रभावित हुईं।

नेपाल के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के सहायक प्रवक्ता ज्ञानेंद्र भुल के अनुसार सुबह 6:34 बजे विमान के दाहिने मुख्य लैंडिंग गियर में आग लगने के बाद हवाईअड्डे पर उड़ान संचालन रोक दिया गया था। स्थिति नियंत्रण में आने के बाद सुबह 8:12 बजे उड़ान सेवाएं फिर शुरू की गयीं।

अधिकारियों के अनुसार घटना के दौरान एयरलाइन का वाइड-बॉडी विमान टैक्सीवे ब्रावो पर फंस गया था। विमान का लगभग 30 प्रतिशत हिस्सा टैक्सीवे पर और 70 प्रतिशत रनवे पर होने के कारण सभी घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को रोकना पड़ा।

हवाईअड्डा कार्यालय के अनुसार विमान में चालक दल के 11 सदस्यों सहित कुल 288 लोग सवार थे। प्रारंभिक जांच में पता चला कि विमान के दाहिने मुख्य लैंडिंग गियर के एक टायर में आग लगी थी।

अधिकारियों ने कहा कि घटना के संभावित कारणों में हार्ड लैंडिंग, टायर प्रेशर में गड़बड़ी या अन्य तकनीकी समस्या शामिल हो सकती हैं, हालांकि विस्तृत जांच जारी है।

श्री भुल ने बताया कि सभी यात्रियों को इवैक्यूएशन स्लाइड के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया। एयरलाइन की ओर से दी गयी जानकारी के अनुसार दो यात्रियों की उंगलियों में मामूली चोटें आई हैं।

घटना के बाद विमान को फिलहाल ग्राउंडेड कर दिया गया है और काठमांडू से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए होटल में ठहरने की व्यवस्था की गयी है। अधिकारियों ने जरूरी यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों से उनके गंतव्य तक भेजने की तैयारी भी शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित