चम्पावत , अक्टूबर 11 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के अंतर्गत टनकपुर-बनबसा के ग्रामीण क्षेत्रों में 59 आंतरिक मार्गों के निर्माण के लिए शासन ने 994.17 लाख रुपये (9 करोड़ 94 लाख 17 हजार रुपये) की धनराशि स्वीकृत की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार टनकपुर-बनबसा के ग्रामीण क्षेत्रों में 10-10 किलोमीटर आंतरिक मार्गों के निर्माण की घोषणा को आगे बढ़ाते हुए यह स्वीकृति दी गई है।

स्वीकृत कार्यों में ग्राम पंचायत गुदमी, देवीपुरा, पंचपकरिया, बमनपुरी, भजनपुर, चंदनी, छिनीगोठ, मोहनपुर, बस्तिया, बनबसा, मनिहारगोठ, ज्ञानखेड़ा, नायकगोठ, टनकपुर और आमबाग सहित विभिन्न क्षेत्रों के संपर्क मार्ग शामिल हैं। इन क्षेत्रों में मुख्य सड़कों से आवासीय बस्तियों, सार्वजनिक स्थलों और मोहल्लों तक इंटरलॉकिंग मार्गों का निर्माण किया जाएगा।

योजना के तहत गुदमी में पांच आंतरिक मार्ग बनेंगे। देवीपुरा में एसएसबी कैंप और कैनाल रोड से जुड़े संपर्क मार्गों, पंचपकरिया में मुख्य सड़क से आवासीय क्षेत्रों तक मार्गों तथा बमनपुरी और भजनपुर में आंतरिक मार्गों का निर्माण होगा। चंदनी, छिनीगोठ, मोहनपुर, बस्तिया और बनबसा में भी विभिन्न संपर्क मार्ग बनाए जाएंगे। मनिहारगोठ, ज्ञानखेड़ा, नायकगोठ, टनकपुर और आमबाग क्षेत्र के आंतरिक मार्ग भी स्वीकृत कार्यों में शामिल हैं।

इन मार्गों के बनने से मुख्य सड़कों और ग्रामीण बस्तियों के बीच संपर्क बेहतर होगा। खासकर बरसात के मौसम में आवागमन की परेशानियां कम होंगी और स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों तथा स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित व सुगम आवागमन मिलेगा। सड़क संपर्क मजबूत होने से स्थानीय व्यापार, कृषि गतिविधियों, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी बेहतर होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित