चंडीगढ़ , मई 10 -- पंजाब भाजपा कार्यकारी अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने रविवार को राज्य की आम आदमी पार्टी सरकार पर कानून व्यवस्था बिगाड़ने और विपक्षी नेताओं को डराने-धमकाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पंजाब में अराजकता का माहौल बनता जा रहा है।

शर्मा ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर राष्ट्रीय सुरक्षा और आतंकवाद जैसे संवेदनशील मुद्दों पर गैर-जिम्मेदाराना बयान देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पंजाब पहले भी आतंकवाद का दर्द झेल चुका है और ऐसे मुद्दों का राजनीतिकरण राज्य की शांति और भाईचारे के लिए खतरनाक है।

भाजपा नेता ने कहा कि उनकी पार्टी विकास, किसानों के कल्याण, कर्जमुक्त पंजाब और नशामुक्त समाज के एजेंडे पर विश्वास करती है। उन्होंने आम आदमी पार्टी सरकार से अपील की कि वह राजनीतिक बदले की भावना और प्रचार की राजनीति छोड़कर सुशासन पर ध्यान दे। उन्होंने पंजाब सरकार को चेतावनी दी कि विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिशें बंद की जाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पंजाब और यहां के लोगों से जुड़े मुद्दों को निडर होकर उठाते रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित