चंडीगढ़ , अक्टूबर 18 -- पंजाब भाजपा के अध्यक्ष केवळ सिंह ढिल्लों ने नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले युवा कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले में न्याय मिलने तक काली पगड़ी पहनने का ऐलान किया है।

उन्होंने रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराने के लिए काली पगड़ी पहननी शुरू कर दी। वह शनिवार को मानसा में झोटा को न्याय दिलाने की मांग को लेकर चल रहे धरने में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने पंजाब के लोगों से न्याय मिलने तक काली पगड़ियां और काले दुपट्टे पहनने तथा काले झंडे लेकर विरोध दर्ज कराने की अपील की थी। झोटा के पिता सरदार भीम सिंह और धरने में शामिल लोगों ने उनकी अपील का समर्थन किया।

श्री ढिल्लों ने कहा कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले युवक की हत्या ने पंजाब के लोगों को झकझोर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब के युवाओं को नशे से बचाने के लिए संघर्ष करने वाले झोटा की हत्या केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं, बल्कि राज्य की कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल है।

उन्होंने कहा कि वह पीड़ित परिवार के विस्तारित परिवार के सदस्य के रूप में धरने में शामिल हुए थे। सरकार की कथित उदासीनता के खिलाफ काले कपड़े और झंडे लेकर शांतिपूर्ण विरोध करने की अपील के बाद उन्होंने स्वयं काली पगड़ी पहनने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि परिवार को न्याय मिलने तक विरोध और संघर्ष जारी रहेगा तथा भाजपा हर स्तर पर उसकी आवाज उठाएगी।

श्री ढिल्लों ने आरोप लगाया कि नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के बजाय आप सरकार इसके खिलाफ आवाज उठाने वालों को चुप कराने की कोशिश कर रही है। उन्होंने दावा किया कि नशे के खिलाफ बोलने वाले तूर बंजारा के गुलजार सिंह को पहले आत्महत्या के लिए मजबूर होना पड़ा, इसके बाद परविंदर सिंह झोटा की हत्या हुई। उन्होंने गुरदासपुर जिले के माड़ी पनवां गांव के बिक्रमजीत सिंह की हत्या का भी उल्लेख किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार नशे पर अंकुश लगाने और पंजाब के हितों की रक्षा करने में विफल रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से सरकार की विफलता की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की। श्री ढिल्लों ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक काली पगड़ियों, काले दुपट्टों और काले झंडों के साथ शांतिपूर्ण विरोध जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित