चंडीगढ़ , अक्टूबर 15 -- पंजाब में नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में गुरुवार को राज्य बंद का व्यापक असर देखने को मिल रहा है। अमृतसर, जालंधर, होशियारपुर, मानसा, फिरोजपुर, पटियाला सहित कई जिलों में बाजार और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे। कई स्थानों पर निजी स्कूलों और कॉलेजों में भी छुट्टी रही, जबकि प्रदर्शनकारियों ने विभिन्न सड़कों और राजमार्गों पर धरना देकर यातायात बाधित किया।
पुलिस ने कहा कि आवश्यक सेवाएं चालू रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। बंद का आह्वान झोटा के परिवार ने किया था। कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल, भारतीय जनता पार्टी, अकाली दल वारिस पंजाब दे, संयुक्त किसान मोर्चा और विभिन्न किसान तथा कर्मचारी संगठनों ने इसका समर्थन किया। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग झोटा की हत्या की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की है।
होशियारपुर में लगभग सभी बाजार और कारोबारी प्रतिष्ठान बंद रहे। निजी स्कूलों के साथ रायट बहरा विश्वविद्यालय भी बंद रहा। अकाली दल वारिस पंजाब दे और विभिन्न दलित संगठनों के कार्यकर्ताओं ने गुरुद्वारा सिंह सभा से मुख्य बाजारों तक रोष मार्च निकाला। मार्च में संगठन से जुड़े करनैल सिंह लवली, मंदीप सिंह और वाल्मीकि धर्म रक्षा समिति के विकास हंस सहित अन्य लोग शामिल हुए।
श्री लवली ने आरोप लगाया कि झोटा की हत्या नशे के खिलाफ आवाज उठाने और राज्य के युवाओं को नशे से बचाने के प्रयासों के कारण हुई। उन्होंने कहा कि एक कार्यकर्ता की हत्या से नशे के खिलाफ आंदोलन को दबाया नहीं जा सकता। होशियारपुर जिले में टांडा के बिजली घर चौक, दसूहा के हाजीपुर चौक और मुकेरियां के सिविल अस्पताल चौक पर धरने तथा सड़क जाम होने की रिपोर्ट मिली हैं।
पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी संविदा कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रामिंदर सिंह ने बताया कि सड़कें अवरुद्ध होने से कई मार्गों पर बस सेवाएं प्रभावित हुईं। उन्होंने कहा कि बसों को सीधे तौर पर नहीं रोका गया लेकिन रास्ते बंद होने के कारण उन्हें रुकना पड़ा। जालंधर-दसूहा-मुकेरियां-टांडा और चंडीगढ़ मार्ग पर भी यातायात प्रभावित हुआ।
अमृतसर में हॉल बाजार, कटरा जैमल सिंह बाजार और लॉरेंस रोड सहित प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में दुकानें बंद रहीं। विभिन्न किसान और सिख संगठनों के प्रदर्शन के कारण भंडारी पुल के आसपास यातायात प्रभावित हुआ। स्वर्ण मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही भी सामान्य से कम रहने की खबर है।
दोआबा क्षेत्र के जालंधर, होशियारपुर, शहीद भगत सिंह नगर और कपूरथला जिलों में बंद का व्यापक असर रहा। कई राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर प्रदर्शनकारियों ने जाम लगाया। जालंधर के पास परागपुर गांव के निकट अमृतसर-दिल्ली राजमार्ग भी बाधित रहा। पुलिस ने यातायात बहाल कराने के लिए कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।
पटियाला में भी बाजार बंद रहे और किसान संगठनों के सड़क जाम करने से पटियाला-सरहिंद मार्ग पर आवाजाही प्रभावित हुई। फिरोजपुर में बाजार बंद रहे और कुछ क्षेत्रों में स्कूलों ने ऑनलाइन कक्षाएं संचालित कीं।
बठिंडा रेंज के उपमहानिरीक्षक हरजीत सिंह ने कहा कि पुलिस प्रदर्शनकारियों के संपर्क में है और यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि आपातकालीन सेवाएं प्रभावित न हों। उन्होंने बताया कि हत्याकांड के मुख्य आरोपी सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उन्हें जल्द अदालत में पेश किया जाएगा।
गौरतलब है कि झोटा की मंगलवार को मानसा के व्यस्त बाजार में दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि उन्होंने एक बुजुर्ग को नशीली दवाएं बेचे जाने के मुद्दे पर मेडिकल स्टोर संचालक अश्वनी कुमार से सवाल किया था, जिसके बाद उन पर गोली चलाई गई। पुलिस ने अश्वनी कुमार को राजस्थान के सालासर से हिरासत में लिया। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी को वहां से भागने में मदद करने के आरोप में एक अन्य व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है।
झोटा नशे के दुरुपयोग और मेडिकल स्टोरों पर कथित तौर पर नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ आवाज उठाने के लिए जाने जाते थे। बंद के दौरान पुलिस ने कई संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित