मानसा , अक्टूबर 21 -- नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या की जांच के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की टीम मंगलवार देर रात मानसा पहुंच गई। टीम ने मानसा पुलिस अधिकारियों से संपर्क कर मामले से संबंधित फाइलें हासिल कर ली हैं। बुधवार को सीबीआई अधिकारियों के झोटा के परिजनों से मिलने की संभावना है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कल झोटा के परिवार से मुलाकात के दौरान हत्याकांड की सीबीआई जांच कराने का भरोसा दिया था। उनके पंजाब से रवाना होने के करीब छह घंटे बाद ही सीबीआई टीम मानसा पहुंच गई।

मानसा के पुलिस उपाधीक्षक पुष्पिंदर सिंह ने बताया कि सीबीआई टीम के साथ बातचीत हुई है और उसे मामले से संबंधित फाइलें सौंप दी गई हैं। उन्होंने कहा कि जांच में पंजाब पुलिस सीबीआई को पूरा सहयोग देगी।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कल सोशल मीडिया पर जानकारी दी थी कि झोटा के परिवार की मांग पर मामला पंजाब पुलिस से सीबीआई को सौंपने की सिफारिश की गई है। इस बीच, झोटा के परिजनों का धरना आज नौवें दिन भी जारी है। उनके पिता भीम सिंह ने कहा कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलता, वे शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगे और अंतिम संस्कार भी नहीं करेंगे।

उल्लेखनीय है कि परविंदर सिंह झोटा की 13 अक्टूबर को एक केमिस्ट अश्विनी कुमार ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी थी।

उधर, पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने सीबीआई की टीम के मानसा पहुंचने को श्री शाह के आश्वासन के पूरा होने का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा झोटा और अन्य पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। श्री ढिल्लों ने उम्मीद जताई कि जांच जल्द पूरी होगी और दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि श्री शाह ने 31 दिसंबर, 2029 तक पंजाब को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया है और भाजपा इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित