पटना , अक्टूबर 23 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने शुक्रवार को कहा कि बिहार विधान परिषद की सभी आठ शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)की जीत तय है।श्री कुशवाहा ने आज बयान जारी कर कहा कि मतदान समाप्त होने के बाद विभिन्न क्षेत्रों से मिल रहे फीडबैक से स्पष्ट है कि शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं के बीच राजग के प्रति व्यापक समर्थन और उत्साह देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि सभी आठ सीटों पर राजग बडे़ अंतर से जीत दर्ज करेगा। विपक्ष कहीं भी राजग को चुनौती देने की स्थिति में नजर नहीं आया।
श्री कुशवाहा ने कहा कि झूठ और दुष्प्रचार की राजनीति करने वाले विपक्ष को शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं ने पूरी तरह खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि प्रबुद्ध मतदाताओं ने अपने मताधिकार के माध्यम से राजग की विकासोन्मुखी राजनीति और सुशासन के एजेंडे पर भरोसा जताया है। विपक्ष ने चुनाव के दौरान भ्रम फैलाने की चाहे जितनी कोशिश की हो, लेकिन मतदाताओं पर उसका कोई असर नहीं पड़ा।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आगामी 27 अक्टूबर को होने वाली मतगणना के बाद सभी आठ सीटों पर राजग जीत का परचम लहराएगा और उसकी चट्टानी एकता के आगे विपक्ष का पूरी तरह से राजनीतिक सफाया होना तय है। उन्होंने कहा कि बीते दो दशकों में नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार की शिक्षा व्यवस्था में सुधार, शैक्षणिक संस्थानों के विस्तार तथा युवाओं को नौकरी एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। इन कार्यों के प्रति मतदाताओं में विश्वास है, जो मतदान के दौरान भी स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ है।
श्री कुशवाहा ने कहा कि विपक्ष के तमाम भ्रामक प्रचार के बावजूद प्रबुद्ध मतदाता विकास और सुशासन के प्रति अपने विश्वास पर कायम हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित