चंडीगढ़ , अक्टूबर 17 -- हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के 12 साल के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में बेरोजगारी, अपराध, भ्रष्टाचार और कर्ज बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि किसानों, युवाओं, महिलाओं और कर्मचारियों से किए गए वादे पूरे नहीं हुए हैं।
श्री हुड्डा ने कहा कि मंडियों में किसानों को धान और बाजरा न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से कम कीमत पर बेचने केलिए मजबूर होना पड़ रहा है। धान का भाव 3100 रुपये प्रति क्विंटल देने का वादा भी पूरा नहीं हुआ। उन्होंने स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशें लागू करने और किसानों की आय दोगुनी करने के वादे पर भी सरकार को घेरा।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी विभागों में करीब दो लाख पद खाली हैं और युवा रोजगार के लिए दूसरे राज्यों तथा विदेशों में पलायन कर रहे हैं। महिलाओं को 2100 रुपये मासिक सहायता देने की योजना में भी कई शर्तें लगाई गई हैं।
उन्होंने दावा किया कि प्रदेश पर कर्ज बढ़कर करीब 5.5 लाख करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने अपराध, नशे और भ्रष्टाचार के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब हुई है।
कांग्रेस शासन से तुलना करते हुए श्री हुड्डा ने कहा कि उनके कार्यकाल में शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, बिजली, परिवहन और रोजगार के क्षेत्र में कई परियोजनाएं शुरू की गई थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के दौरान नए संस्थानों की स्थापना और रोजगार सृजन की गति कमजोर हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित