लखनऊ , जनवरी 31 -- समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि झूठे एनकाउंटर प्रशासन को भ्रष्ट करते हैं और न्यायालय के अतिरिक्त किसी अन्य द्वारा सजा दिया जाना स्वयं में अपराध है।
श्री यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद बड़े पैमाने पर फर्जी एनकाउंटर हुए हैं, जिससे कई निर्दोष लोगों की जिंदगी और परिवार बर्बाद हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अन्याय और अत्याचार चरम पर है तथा फर्जी एनकाउंटर के नाम पर हत्याएं की गई हैं। सरकार के इशारे पर पुलिस बेलगाम हो गई है और अब न्यायालय को भी इस पर नाराजगी जतानी पड़ रही है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार असली अपराधियों को बचा रही है, जिसके कारण अपराध, भ्रष्टाचार और मिलावटखोरी पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि संविधान और कानून का पालन नहीं हो रहा है तथा जनता में भय का माहौल पैदा किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की तैनाती में भेदभाव हो रहा है और सत्ता के संरक्षण में कुछ अधिकारी मनमानी कर कानून को हाथ में ले रहे हैं। झांसी और नोएडा की घटनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है और 2027 में जनता अन्यायी शासन का अंत करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित