भीलवाड़ा , अक्टूबर 23 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को मानसरोवर झील में नाव पलटने से एक युवक की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान न्यू पटेलनगर सेक्टर-9 निवासी शिवम सिंह राजपूत (27) के रूप में हुई है। वह शुक्रवार दोपहर में मानसरोवर झील पर पहुंचा था। वह झील के किनारे खड़ी एक नाव में बैठ गया और उसे खुद ही खेकर झील के बीच तक ले गया। इसी दौरान अचानक नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। नाव पलटने से शिवम गहरे पानी में जा गिरा।
सूत्रों ने बताया कि शिवम ने कुछ देर तक तैरकर खुद को बचाने और बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन झील का किनारा काफी दूर होने के कारण वह थककर हिम्मत हार गया।
घटना की सूचना मिलने पर एक तैराक नीलेश झील पर पहुंचा और शिवम को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और शिवम की सांसें थम चुकी थी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव अस्पताल पहुंचाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित