जयपुर , जून 05 -- राजस्थान पुलिस ने मानव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर-राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दस लड़कियों को मुक्त कराकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जबकि एक आरोपी को हिरासत में लिया है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार झालावाड़ पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने इस संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए अब तक 10 लड़कियों को सुरक्षित मुक्त कराया है जिनमें सात नाबालिग हैं। जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य कर्ज और गरीबी से जूझ रहे परिवारों को निशाना बनाकर नाबालिग बच्चियों को अच्छी परवरिश, रोजगार और बेहतर जीवन का लालच देकर अपने साथ ले जाते और बाद में मुंबई, नागपुर सहित अन्य महानगरों में सक्रिय एजेंटों को बेच देते थे। वहां फर्जी दस्तावेजों के जरिए उनकी उम्र बढ़ाकर उन्हें डांस बारों और देह व्यापार में धकेला जाता था।

मानव तस्करी से जुड़ी एक प्रकाशित खबर को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने महिला अनुसंधान सेल के नेतृत्व में विशेष जांच शुरू करवाई। कंजर पुनर्वास कार्यक्रम से जुड़े पुलिसकर्मियों ने महीनों तक गोपनीय रूप से डेरों में जाकर सूचनाएं जुटाईं और आखिरकार पूरे नेटवर्क की परतें खुलती चली गईं।

मुंबई पुलिस द्वारा रेस्क्यू की गई चार लड़कियों को जब उनके परिजनों को सौंपने के लिए राजस्थान लाया गया, तब जांच में पता चला कि उनमें से दो लड़कियां नाबालिग थीं जबकि दस्तावेजों में उन्हें बालिग दर्शाया गया था। इससे फर्जी पहचान पत्र और उम्र बढ़ाने के बड़े रैकेट का खुलासा हुआ।

झालावाड़ पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मौके पर पहुंचे और आरोपियों को घेरने के लिए सादा वस्त्रों में टीमें तैनात की। एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। देश के अलग-अलग हिस्सों में भेजी गई। पुलिस मुंबई गई टीम ने मुंबई पुलिस के सहयोग से चार लड़कियों को सुरक्षित दस्तयाब किया गया और एक आरोपी को हिरासत में लिया गया।

इसी तरह बूंदी टीम ने दबलाना से डीएसटी बूंदी के सहयोग से एक नाबालिग लड़की को मुक्त कराया गया। टोंक टीम ने टोंक पुलिस के सहयोग से एक नाबालिग लड़की को सुरक्षित दस्तयाब किया गया। पुलिस टीमों द्वारा अब तक 10 लड़कियों को सुरक्षित बरामद किया जा चुका है, जिनमें से सात नाबालिग और एक बालिग है जबकि शेष दो की वास्तविक उम्र के दस्तावेजों की जांच जारी है।

गिरफ्तार आरोपियों में रामकन्या (53) निवासी शंकरपुरा, बूंदी (मुख्य महिला एजेंट), भीमशंकर उर्फ भीमा (28), अंकुश कर्मावत (26), रमेश कंजर (55) निवासी शंकरपुरा, बूंदी, सन्नी (40) निवासी सदर झालावाड़ शामिल है जबकि बंटी निवासी शंकरपुरा, बूंदी को हिरासत में लिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित