कानपुर , मई 4 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बंगाल, पांडिचेरी एवं असम में जीत की खुशी में कानपुर दक्षिण क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक जश्न मनाया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने झालमुड़ी और मिष्ठान वितरित कर खुशी जाहिर की तथा आतिशबाजी भी की। जिला मीडिया प्रभारी संजीव बेरी ने बताया कि जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता क्षेत्रीय कार्यालय परिसर में एकत्र हुए। इस दौरान सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और जीत का जश्न मनाया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह ने कहा कि यह विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, सुशासन और जनकल्याणकारी नीतियों में जनता के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जनता ने विकास और सुरक्षा की राजनीति को समर्थन दिया है और पार्टी आगे भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।

इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष कौशल किशोर दीक्षित, पूर्व विधायक रघुनंदन भदौरिया, पूनम द्विवेदी, रीता शास्त्री, जसविंदर सिंह, जितेंद्र सचान, शिवम मिश्रा, प्रवीण मिश्रा, मधु तिवारी, सुषमा चौहान, अनीता त्रिपाठी, बिंदु अग्रवाल, प्रेमलता तिवारी, आशा पांडे, पप्पू पंडित, हरजीवन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित