रांची, 21मई (वार्ता) झारखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी 24 मई को राज्य क़े सभी जिला मुख्यालयों में "शिकायत एवं निवारण कार्य दिवस" कार्यक्रम आहूत की जा रही है।

प्रदेश कांग्रेस क़े मिडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि यह पहल संगठन को और अधिक मजबूत, जवाबदेह एवं कार्यकर्ताओं के प्रति संवेदनशील बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देश पर यह निर्णय लिया गया है ताकि जिला एबं प्रदेश स्तर पर कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं आम कांग्रेसजन अपनी व्यक्तिगत प्रतिनिधित्व संबंधी शिकायतों को लिखित रूप में देंगे तथा उनका समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

कांग्रेस का मानना है कि किसी भी राजनीतिक संगठन की असली ताकत उसके जमीनी कार्यकर्ता होते हैं। पार्टी ने हमेशा कार्यकर्ताओं के सम्मान, संवाद और सहभागिता को प्राथमिकता दी है। यही कारण है कि जिला कांग्रेस कार्यालयों में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक शिकायतों का लिखित रूप में संग्रह किया जाएगा और उन्हें प्रदेश कार्यालय भेजकर निष्पक्ष समन्वित कार्रवाई की जाएगी।

प्रदेश कांग्रेस ने सभी जिला अध्यक्षों एवं प्रभारियों को निर्देश दिया है कि इस कार्यक्रम की जानकारी अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं तक पहुंचाई जाए ताकि हर कार्यकर्ता अपनी बात संगठन के समक्ष रख सके। कांग्रेस ने यह भी स्पष्ट किया है कि संगठनात्मक अनुशासन, आपसी संवाद और लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करना पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

सिन्हा ने कहा कि भाजपा की तरह कांग्रेस में तानाशाही नहीं चलती, बल्कि यहां कार्यकर्ताओं की आवाज सुनी जाती है और उनके सम्मान की रक्षा की जाती है।

"शिकायत एवं निवारण कार्य दिवस" इसी लोकतांत्रिक संस्कृति का हिस्सा है। पार्टी को विश्वास है कि इस पहल से संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा कार्यकर्ताओं का भरोसा और मनोबल बढ़ेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित