रांची, मार्च 17 -- झारखण्ड पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्र ने आज पुलिस मुख्यालय स्थित सभागार में आगामी त्योहार (ईद, सरहुल एवं रामनवमी) को लेकर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था के मद्देनजर समीक्षा बैठक की।
इस बैठक में टी. कंदसामी, अपर पुलिस महानिदेशक, अभियान, डॉ० माईकलराज एस०, पुलिस महानिरीक्षक, अभियान, पटेल मूयर कनैयालाल, पुलिस महानिरीक्षक, प्रोविजन, सुनिल भास्कर, प्रक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक, बोकारो, दीपक पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक, विशेष शाखा भौतिक रूप से एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक, सभी क्षेत्रीय पुलिस उप-महानिरीक्षक एवं सभी वरीय पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षकों ने भाग लिया।
बैठक में विधि-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण के लिए जिलावार विभिन्न बिन्दुओं पर समीक्षा की गयी। सभी वरीय पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षकों द्वारा आगामी त्यौहार के मद्देनजर सांप्रदायिक दंगों से संबंधित दर्ज कांडों एवं लंबित वारंटों और कुर्की जब्ती के निष्पादन की अद्यतन स्थिति/ आगामी त्योहार (ईद, सरहुल एवं रामनवमी) के मद्देनजर अपेक्षित निरोधात्मक कार्रवाई/विधि-व्यवस्था संधारण के लिए दंडाधिकारी एवं बलों की उपलब्धता एवं प्रतिनियुक्ति/धार्मिक स्थलों के आस-पास की गई सुरक्षात्मक कार्रवाई एवं सी०सी०टी०वी० का अधिष्ठापन तथा ड्रोन द्वारा एरियल सर्विलांस की व्यवस्था/जुलूस मार्गों का भौतिक सत्यापन/जुलूस मागों में लगातार प्रकाश एवं पब्लिक संबोधन सिस्टम की व्यवस्था करने/संयुक्त नियंत्रण कक्ष तथा आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था/जिला एवं थाना स्तरीय शांति समिति की बैठक के साथ विधि-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण के संबंध में की जाने वाली अन्य कार्रवाई से संबंधित जानकारी दी गई।
श्रीमती मिश्र ने सभी जिलों को राज्य में आगामी त्योहारों के अवसर पर शांति व्यवस्था कायम रखने के लिये असामाजिक तत्वों एवं उपद्रवियों पर निगरानी रखते हुए उनके विरूद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करने, जुलूस के मार्गों के भौतिक सत्यापन, धार्मिक स्थलों एवं जुलूस का ड्रोन से मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया।
श्रीमती मिश्र ने वैसे जिले जहाँ पूर्व में सांप्रदायिक घटनाएं घटित हुई हैं, उन जिलों में विशेष सतर्कता बरतने, घटित स्थलों पर बलों की पर्याप्त प्रतिनियुक्ति करने के साथ-साथ लंबित मामलों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए कांडो का निष्पादन करने एवं सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखते हुए किसी तरह की अफवाह फैले तो तत्काल उसका सत्यापन करते हुए अग्रतर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
श्रीमती मिश्र ने महिला सुरक्षा पर विशेष निगरानी रखने, वीवीआईपी मूवमेंट में प्रभावी सुरक्षा प्रदान करने, जिला नियंत्रण कक्ष को अधिक प्रभावी रूप से कार्य करने तथा हॉट स्पॉट जगहों को चिन्हित कर उस पर विशेष निगरानी रखने, सीसीटीवी/ड्रोन द्वारा एरियल सर्विलांस की व्यवस्था करने, सुरक्षा बलों के लिए भोजन/पानी/आवासन आदि की व्यवस्था करने, अवैध मादक पदार्थों/शराब के विरूद्ध छापामारी करने का निर्देश सभी वरीय पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षकों को दिया।
साथ ही सभी प्रक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक/क्षेत्रीय पुलिस उप-महानिरीक्षक को आगामी त्यौहार के मद्देनजर अपने स्तर से सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था संधारण हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित