रांची , सितंबर 25 -- झारखंड हाईकोर्ट ने वर्ष 2027 का वार्षिक कैलेंडर जारी कर दिया है।

कैलेंडर में पूरे वर्ष के कार्यदिवस, अवकाश, ग्रीष्मावकाश, शीतकालीन अवकाश और हाफ-डे की जानकारी दी गई है।

कैलेंडर के अनुसार वर्ष 2027 में 52 रविवार के अलावा हाईकोर्ट में कुल 73 दिनों का अवकाश रहेगा। इसमें विभिन्न त्योहारों के अवकाश के साथ ग्रीष्मावकाश और शीतकालीन अवकाश भी शामिल हैं।

वर्ष 2027 में मकर संक्रांति, रक्षाबंधन, अनंत चतुर्दशी और महालया के अवसर पर हाईकोर्ट में हाफ-डे रहेगा। इन दिनों कोर्ट का कामकाज दोपहर 2:15 बजे से और कार्यालय का संचालन दोपहर 2 बजे से होगा।

कैलेंडर में 18 सितंबर, 20 अक्टूबर और 4 नवंबर 2027 को विशेष कार्यदिवस निर्धारित किया गया है। इन तारीखों पर हाईकोर्ट में कामकाज होगा।

कैलेंडर में स्पष्ट किया गया है कि ईद-उल-फितर और मुहर्रम की छुट्टी की तारीख चांद दिखाई देने के आधार पर बदली जा सकती है। फिलहाल ईद-उल-फितर के लिए 10 मार्च और मुहर्रम के लिए 16 जून की तारीख निर्धारित की गई है। वहीं ईस्टर मंडे 29 मार्च और चेहल्लुम 25 जुलाई को संबंधित मुस्लिम एवं ईसाई कर्मचारियों के लिए प्रतिबंधित अवकाश का प्रावधान किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित