रायपुर , अक्टूबर 11 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आबकारी विभाग की टीम ने झारखंड से अवैध रूप से शराब लाकर बेचने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी झारखंड के बोकारो जिले से करीब 660 किलोमीटर की दूरी मोटरसाइकिल से तय कर रायपुर पहुंचा था। उसके कब्जे से रॉयल ब्रांड की 30.3 लीटर देशी शराब बरामद की गई है।

आबकारी विभाग से आज मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान झारखंड के बोकारो निवासी राजेश प्रसाद सिंह के रूप में हुई है। विभाग को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि झारखंड से शराब की तस्करी कर रायपुर में खपाने की तैयारी की जा रही है। इस सूचना के आधार पर आबकारी विभाग की टीम ने नरदहा-चंद्रखुरी मार्ग पर निगरानी बढ़ाते हुए संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।

सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष सिंह ने बताया कि झारखंड से शराब की तस्करी कर रायपुर लाए जाने की सूचना मिलने के बाद नरदहा-चंद्रखुरी मार्ग पर जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान चंद्रखुरी की ओर से आ रहे एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोककर तलाशी ली गई। जांच में उसके पास से रॉयल ब्रांड की 30.3 लीटर देशी शराब बरामद हुई।

अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी शराब लेकर बोकारो से लगभग 660 किलोमीटर का सफर मोटरसाइकिल से तय कर रायपुर पहुंचा था। बरामद शराब को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित